महराजगंज। बदहाल व्यवस्था के बीच मरीजों का इलाज हो रहा है। महिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन धूल फांक रही है तो जिला अस्पताल में डिजिटल एक्सरे मशीन एक माह से खराब है। मरीज को होने वाली समस्या से अधिकारी बेखबर हैं। रोजाना 40-50 महिलाओं को अल्ट्रासाउंड कराने के लिए प्राइवेट में अधिक रुपये खर्च करने पड़ते हैं।
जिला अस्पताल में लगी डिजिटल एक्स-रे मशीन सोमवार को भी काम नहीं कर रही थी। इससे एक्स-रे कराने आए मरीजों को वापस कर दिया गया। करीब 10 मरीज को जांच के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा। अस्पताल में मुफ्त में जांच कराने के लिए डिजिटल एक्स-रे मशीन लगाई गई है। रामज्ञान ने बताया कि एक्स-रे कराना है। मशीन ठीक नहीं होने के कारण बाहर से एक्स-रे कराना पड़ेगा। जिला अस्पताल में डिजिटल एक्स-रे मशीन दो माह पहले भी खराब हुई थी तो उस वक्त भी करीब 20 दिन मरीज परेशान हुए थे। इस बार फिर खराब हो गई है। एक माह गुजर गए, लेकिन मशीन ठीक नहीं हुई।
महिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं मिल रही है। यहां तैनात रेडियालोजिस्ट का तबादला होने के कारण यह समस्या आई है। ऐसे में सबसे अधिक परेशानी गर्भवती महिलाओं को हो रही है। वह उपचार व परामर्श तो जिला महिला अस्पताल में चिकित्सक से प्राप्त कर रहीं है, लेकिन अल्ट्रासाउंड कराने के लिए उन्हें जिला संयुक्त चिकित्सालय अथवा निजी सेंटर पर जाना पड़ रहा है। महदेवा की ज्ञानती देवी बताया कि बेटी का अल्ट्रासाउंड कराने के लिए आई थी, लेकिन अब बाहर कराना पड़ रहा है। वीरेंद्र ने बताया पत्नी को दिक्कत है, अल्ट्रासाउंड कराना है, लेकिन यहां तो संभव ही नहीं है।
सीएमएस डॉ. एपी भार्गव ने बताया कि समस्याओं को दूर करने की कोशिश की जा रही है। एक्स-रे मशीन जल्दी ठीक करा दी जाएगी। जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध है।