निचलौल/परसामलिक। निचलौल और परसामलिक थाना क्षेत्रों में बृहस्पतिवार को दो युवकों को सांप ने डंस लिया। दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
निचलौल क्षेत्र के कलनही खुर्द निवासी नेपाल (35) बृहस्पतिवार को खेत देखने के लिए निकला था। अभी वह खेत के पास पहुंचा था कि इसी बीच सांप ने उसके पैर में काट लिया। कुछ देर बाद युवक की हालत बिगड़ने लगी। परिजनों ने आनन-फानन में युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल में भर्ती कराया। जहां युवक की हालत नाजुक बनी हुई है।
उधर, परसामलिक थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत विषखोप टोला पेडारी में धान के खेत में दवा छिड़काव कर रहे 40 वर्षीय किसान को सांप ने डंस लिया। परिजन आनन-फानन में रतनपुर सीएचसी लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने 30 स्नैक्स वायल लगाए। फिर भी हालत में सुधार न होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
क्षेत्र के ग्राम पंचायत विषखोप टोला पेडारी निवासी विनोद चौधरी (40) अपने धान के खेत में बृहस्पतिवार को दवा छिड़काव करने गया था। बताया जा रहा है, उसी दौरान उसका पैर एक जहरीले सांप पर पड़ गया, जिससे सांप ने उसे तीन बार डंस लिया। हालत नाजुक देखकर परिजन रतनपुर सीएचसी लेकर गए जहां चिकित्सकों ने उसे 30 स्नैक्स वायल का डोज दिया। फिर भी हालत में ज्यादा सुधार न होता देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। संवाद