सदर कोतवाली में दो नामजद और दो अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज
आरोपियों ने दोनों युवकों से लिए थे 2.12 लाख, केवल 15 हजार रुपये किए वापस
महराजगंज। दुबई भेजकर नौकरी दिलाने के नाम पर 2.12 लाख रुपये लेने और रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज किया है। खजुरिया निवासी हेमंत शर्मा, उसकी पत्नी मिर्जावती और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के इमिलिया गांव निवासी कुसमंजला ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि हेमंत शर्मा ने उसके पति मोहन और उनके चचेरे भाई सोनू को दुबई भेजकर नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। इसके बाद उसके खाते और बताए गए बारकोड के माध्यम से 1.62 लाख रुपये भेजे गए। इसके अलावा 50 हजार रुपये नकद दिए गए। इस तरह हेमंत को कुल 2.12 लाख रुपये दिए गए।
काफी समय बीतने के बाद भी जब मोहन और सोनू को दुबई नहीं भेजा गया तो उन्होंने रकम वापस मांगी। आरोप है कि हेमंत ने केवल 15 हजार रुपये वापस किए जबकि 1.97 लाख रुपये अभी भी बकाया हैं। शेष रकम मांगने पर हेमंत, उसकी पत्नी और परिवार के लोगों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
कुसमंजला का आरोप है कि विदेश भेजने के नाम पर मोहन और सोनू के पासपोर्ट भी आरोपियों ने अपने पास रख लिए। रकम वापस न मिलने के कारण दोनों रोजगार के लिए दिल्ली चले गए हैं। घर पर मौजूद परिवार को भी धमकाया जा रहा है। पीड़िता ने पहले कोतवाली पुलिस और बाद में पुलिस अधीक्षक को रजिस्टर्ड डाक से शिकायत भेजी लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने न्यायालय की शरण ली।
सदर कोतवाल निर्भय सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर आरोपी हेमंत, मिर्जावती दो अज्ञात निवासी खजुरिया के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।