श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र का मामला, प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच टीमें गठित कीं
परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के एक ही गांव की दो किशोरियों के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद परिजनों में जहां चिंता का माहौल है। वहीं गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार, शनिवार की सुबह करीब सात बजे दोनों किशोरियां घर से निकली थीं। परिजनों का कहना है कि वे गांव से कुछ दूर एक चौराहे की ओर जाने की बात कहकर गई थीं। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वे घर वापस नहीं लौटीं तो परिजनों को चिंता सताने लगी। इसके बाद परिजनों ने आसपास के गांवों, रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर काफी खोजबीन की लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं मिल सका।
दिनभर तलाश के बाद भी जब कोई जानकारी नहीं मिली तो परिजन थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर लिया और किशोरियों की तलाश के लिए टीम गठित कर दी हैं। पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है तथा संभावित स्थानों पर दबिश भी दे रही है। साथ ही अन्य पहलुओं को भी ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। एसओ अभिषेक सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। किशोरियों की तलाश के लिए पुलिस की टीम लगा दी गई है। जल्द ही उन्हें सकुशल बरामद कर लिया जाएगा। संवाद