महराजगंज/घुघली। घुघली थाना क्षेत्र के बेलवा तिवारी नहर के पास सोमवार को दो बाइकों की टक्कर में हाईस्कूल की परीक्षा देकर लौट रहे दो छात्रों की मौत हो गई। जबकि चार छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का जिला अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, घुघली कस्बे के एंग्लो इंटरमीडिएट कॉलेज से हाईस्कूल की परीक्षा देकर हरखी निवासी विवेक सिंह (17), आलोक सिंह (18) व अकीत वर्मा (17) एक बाइक पर सवार होकर घर जा रहे थे। पकड़ियार बिशुनपुर के छात्रसाल इंटरमीडिएट काॅलेज से हाईस्कूल की परीक्षा देकर एक ही बाइक पर बसंतपुर निवासी छात्र संजीत कुमार (18), अभिषेक गौंड़ (18) व सानिस (17) घर लौट रहे थे। बेलवा तिवारी गांव के नहर के पास दोनों की बाइक आपस में टकरा गई। हादसे में बसंतपुर निवासी अभिषेक गौंड व हरखी निवासी विवेक सिंह की मौत हो गई। जबकि चार छात्र घायल हो गए। उनको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी होते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन को सूचना दी। मौके पर पुलिस के साथ प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंचे।
सदर उप जिलाधिकारी रमेश कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी होने पर तुरंत मौके पर पहुंचकर बचाव राहत कार्य तेजी से किया गया। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायलों का इलाज चल रहा है।