गोरखपुर-सोनौली राजमार्ग पर बनकटी अस्पताल के समीप सड़क पार करने के दौरान हुआ हादसा
पड़ोसी के बेटे और बेटी को स्कूटी से घुमाने निकले थे जावेद, बहन की मौत भाई की हालत गंभीर
फरेंदा। गोरखपुर-सोनौली राजमार्ग पर बनकटी अस्पताल के पास सड़क पार करते समय कार की चपेट में आने से युवक और किशोरी की मौत हो गई। जबकि किशोरी का भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की खबर मिलते ही परिजन में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, आनंदनगर कस्बे के वार्ड नंबर तीन पंचशीलनगर निवासी जावेद (28) शुक्रवार की रात में करीब साढ़े नौ बजे अपने पड़ोसी मगरू की बेटी परी (14) व फरहान (16) को स्कूटी पर बैठा कर फरेंदा से बनकटी की तरफ घूमने निकले थे। बनकटी अस्पताल के आगे वह डिवाइडर के कट से मुड़ने का प्रयास कर रहे थे कि सोनौली की तरफ से तेज रफ्तार से आ रही कार की चपेट में आ गए। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्कूटी चालक जावेद ने हेलमेट नहीं पहना था।
स्थानीय लोग घटना के बाद तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी ले गए। पहुंचते ही चिकित्सकों ने जावेद को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद घायल फरहान व परी की नाजुक हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। वहां पहुंचते ही परी ने भी दम तोड़ दिया। वहीं फरहान की भी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में मातम पसर गया। परी और फरहान के पिता मंगरू मजदूर हैं। मंगरू के तीन बेटे और तीन बेटियां हैं। इनमें से परी की मौत हो गई और फरहान की हालत गंभीर बनी हुई है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि कार पुलिस के कब्जे में है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
एक साथ दो परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
आनंदनगर कस्बे के वार्ड नंबर तीन निवासी जावेद के साथ पड़ोस की एक परी की मौत से दो परिवारों के लिए शुक्रवार की रात मातम भरा रहा। जावेद की मौत से परिवार के लोगों पर वज्रपात हो गया। उनकी मौत से पत्नी के साथ बेटा रमजान (8) व बेटी शहजादी का रो-रोकर बुरा हाल है। जावेद नगर निगम गोरखपुर में संविदा पर सफाई कर्मचारी हैं। वहीं परी की मौत व भाई फरहान की गंभीर हालत से परिजन काफी दुखी हैं। परी की मौत से मां के साथ पूरा परिवार बदहवास है। लोग फरहान के लिए दुआएं कर रहे हैं। एक साथ दो लोगों की मौत से नगर में चर्चा है। लोग पीड़ित परिवार के घर पहुंच कर सांत्वना दे रहे हैं। सूचना पर नगर अध्यक्ष राजेश जायसवाल, सभासद मुकेश सिंधी के साथ तमाम लोग पीड़ितों के घर पहुंचे और जताया।