समुद्र में भटके जिले के दो लोग, पाकिस्तान पहुंचने की आशंका
धानी क्षेत्र के उमेशचंद और बबलू साहनी गुजरात में मछली पकड़ते थे
परिवार के लोग चिंतित, राष्ट्रपति, पीएम और विदेशमंत्री से लगाई गुहार
संवाद न्यूज एजेंसी
फरेंदा (महराजगंज)। करीब एक माह पहले धानी ब्लॉक के बरगाहपुर क्षेत्र के रहने वाले उमेशचंद व बबलू साहनी गुजरात के समुद्र में मछली पकड़ने के दौरान लापता हो गए। दोनों का अब तक पता नहीं चलने से उनके परिवार के सदस्यों की चिंता बढ़ती जा रही है। परिवार के लोगों ने आशंका जताई है कि दोनों समुद्र में भटककर पाकिस्तान चले गए। परिवार के लोगों ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, विदेशमंत्री व मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर मदद की गुहार लगाई है।
कुछ वर्ष पहले रोजी-रोटी की तलाश में उमेशचंद और बबलू साहनी गुजरात के देवभूमि द्वारका गए थे। वहां उन्हें समुद्र में मछली मारने का काम मिला गया। करीब एक माह पहले मछलियों को पकड़ने के प्रयास में समुद्र में रास्ता भटक गए। परिवार के लोगों ने बताया कि दोनों के साथ गुजरात में रहने वालों से जानकारी मिली कि उमेशचंद और बबलू भटककर पाकिस्तान की सीमा में चले गए। बबलू की माता कमलावती व उमेशचंद की पत्नी मंजू देवी ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, विदेशमंत्री व मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर मदद की गुहार लगाई है। पीड़ित परिवारों की ओर से दिए ज्ञापन में उमेशचंद व बबलू को ढूंढकर वापस लाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई है। कमलावती ने कहा कि बबलू ही घर में एकलौता कमाने वाला था। बबलू से कोई संपर्क न हो पाने से परिवार के लोग चिंतित हैं। उमेशचंद की पत्नी मंजू देवी ने बताया कि उसके दो बच्चे हैं। परिवार का खर्च वहन करना मुश्किल हो गया है। यदि जल्द ही पति की रिहाई नहीं हुईं तो हम लोगों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। दूसरी ओर पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों का कहना है कि लापता होने के बाद उमेशचंद और बबलू कहा पहुंचे हैं, इस बारे में उन्हें कोई पुष्ट जानकारी नहीं है।