चौक बाजार। चौक थाना परिसर में शुक्रवार को दो पक्षों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने दोनों पक्षों के सात लोगों को हिरासत में लेकर बीएनएसएस की विभिन्न धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय चालान कर दिया।
एसओ ओमप्रकाश गुप्ता ने बताया कि उपनिरीक्षक बृजभान यादव एक प्रार्थना पत्र की जांच के सिलसिले में ग्राम नर्सरी निवासी श्रीकिशुन साहनी, सुनील साहनी, सिकंदर साहनी समेत एक पक्ष के लोगों और दूसरे पक्ष के कयामुद्दीन को थाना परिसर में बुलाकर पूछताछ कर रहे थे। इसी दौरान जंगल क्षेत्र में घूमने आए एक युवक-युवती से पैसे मांगने के विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और थाना परिसर में ही दोनों पक्षों के बीच तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई।
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया लेकिन कोई भी पक्ष शांत होने को तैयार नहीं हुआ। हालात बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के सात लोगों को हिरासत में ले लिया। एसओ ओमप्रकाश गुप्ता ने बताया कि सभी आरोपियों का शांति भंग की आशंका में कार्रवाई करते हुए न्यायालय चालान कर दिया गया।