ठूठीबारी। नवलपरासी जिले के रामग्राम नगरपालिका-एक क्षेत्र में सोमवार को शाम में ब्राउन हेरोइन के साथ नेपाल पुलिस ने महराजगंज के दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान दोनों तस्करों को पकड़ने के लिए नेपाल पुलिस के जवानों ने चार राउंड फायरिंग भी की।
जानकारी के अनुसार, नवलपरासी (बर्दाघाट सुस्ता पश्चिम) जिले के रामग्राम नगरपालिका-एक क्षेत्र में भारतीय बाइक पर आ रहे दो व्यक्तियों को संदेह के आधार पर रोकने का प्रयास किया। दोनों रुकने के बजाय भागने लगे तो नेपाल पुलिस ने चेतावनी के तौर पर चार राउंड हवाई फायरिंग भी की और दोनों को अपने काबू में ले लिया। तलाशी लेने पर दोनों के पास से 158 ग्राम ब्राउन हेरोइन बरामद हुई। आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच के लिए दोनों आरोपियों को जिला पुलिस कार्यालय नवलपरासी (बर्दाघाट सुस्ता पश्चिम) को सौंप दिया गया है।
इस संबंध में नवलपरासी बर्दाघाट सुस्ता पश्चिम पुलिस सूचना अधिकारी प्रहरी उप निरीक्षक दुर्गा प्रसाद रेग्मी ने बताया कि 158 ग्राम ब्राउन हेरोइन के साथ महराजगंज के निचलौल निवासी गिरजेश श्रीवास्तव (33) और दीपक श्रीवास्तव (27) को गिरफ्तार किया गया है। दोनों के पास से दो मोबाइल फोन, भारतीय नंबर प्लेट की बाइक बरामद किया गया है।