दुधारा में चार साल से बनकर तैयार है ओवरहेड टैंक
लौहरौली। दुधारा में जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीणों को शुद्ध पानी उपलब्ध कराने की योजना बेकार साबित हो रही है। यहां दो करोड़ से कार्य कराया गया है। पानी की टंकी चार साल से बनकर तैयार है, लेकिन पाइपलाइन बिछाने के बाद भी अभी तक पानी की आपूर्ति के लिए कनेक्शन नहीं दिया गया है। इससे ग्रामवासियों को शुद्ध पानी उपलब्ध नहीं हो रहा है।
दुधारा सेमरियावां ब्लॉक की बड़ी ग्राम पंचायत के रूप जानी जाती है। यहां चार साल पहले पेयजल योजना के लिए कार्य कराया गया, लेकिन पानी की आपूर्ति अब तक नहीं हो सकी है। दुधारा निवासी परवेज, ग्राम प्रधान कलाम, उबैदुर्रहमान, मुहम्मद तल्वार, गिरीश जायसवाल, हाफिज मुहम्मद इमरान, हीरालाल, पप्पू कुमार आदि लोगों ने बताया कि पानी की टंकी चार साल से बनकर तैयार है। गांव में पाइपलाइन बिछा दी गई है, लेकिन अब तक कनेक्शन नहीं दिया गया है।
ऐसे में लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। आने वाले दिनों में गर्मी बढ़ेगी तो समस्या और बढ़ जाएगी। इस संबंध में जल निगम ग्रामीण के अधिशाषी अभियंता महेंद्र कुमार राम ने बताया कि जहां कार्य अधूरा है, वहां कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही कनेक्शन देकर पानी की आपूर्ति शुरू करा दी जाएगी।