पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई, जंगल मार्ग से दबोचे गए आरोपी
मिठौरा। निचलौल थाना क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और सर्विलांस टीम को बृहस्पतिवार को बड़ी सफलता हाथ लगी। संयुक्त टीम ने निचलौल-बहुआर जंगल मार्ग स्थित खाड़ी माई स्थान के पास से चोरी की पीली धातु, भारतीय व नेपाली मुद्रा के साथ दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष अंकित कुमार सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि निचलौल-बहुआर जंगल मार्ग पर स्थित देवी स्थान के पास दो संदिग्ध युवक खड़े हैं और किसी बड़ी वारदात की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर दोनों को मौके से दबोच लिया। पूछताछ के दौरान दोनों युवकों की पहचान कृष्णा साहनी उर्फ चाई तथा अमित वर्मा निवासी महाशय मोहल्ला, नगर पंचायत निचलौल के रूप में हुई। पुलिस जांच में पता चला कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी चोरी से संबंधित प्राथमिकी दर्ज है।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारतीय और नेपाली मुद्रा समेत करीब 7300 रुपये नकद तथा चोरी की पीली धातु के कई लॉकेट बरामद किए। पुलिस के मुताबिक बरामद सामान हाल में हुई चोरी की घटनाओं से जुड़ा हो सकता है, जांच की जा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।