महराजगंज। पुलिस ने साइबर ठगी की धनराशि खातों में मंगाकर निकासी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई साइबर थाना पुलिस टीम ने की है। मामले में गिरोह से जुड़े दो अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, उनकी तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त लोगों को डॉलर एक्सचेंज कर भारतीय मुद्रा खाते में भेजने का झांसा देते थे। इसके जरिए साइबर ठगी से प्राप्त रकम अपने तथा परिचितों के बैंक खातों में मंगाकर उसकी निकासी कर लेते थे। बाद में निकाली गई धनराशि को आरोपी आपस में बांट लेते थे। एसपी ने बताया कि अन्य आरोपियों की भी जल्दी ही गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दो मोबाइल फोन और एक नेपाली सिम कार्ड बरामद किया है। इस मामले में साइबर क्राइम थाना में प्राथमिकी दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अकिल एवं तौसिफ निवासी वार्ड नंबर-11, जुगौली थाना सोनौली के रूप में हुई है।