महराजगंज। पुलिस व एसएसबी ने बुधवार को गश्त के दौरान भारत-नेपाल के सीमावर्ती इलाकों से तस्करी की 38 बोरी यूरिया बरामद की। तीन साइकिलों पर आठ बोरी खाद लादकर नेपाल ले जा रहे दो आरोपी पकड़े गए।
सोनौली और खनुआ प्रतिनिधि के अनुसार, सोनौली कोतवाली क्षेत्र की पगडंडियों पर एसएसबी और पुलिस की संयुक्त गश्ती टीम ने सीमावर्ती गांव श्याम काट जसवल में नेपाल में तस्करी के लिए रखी गई 24 बोरी खाद बरामद कर सीज कर दिया।
बुधवार दोपहर एसएसबी 22वीं वाहिनी सोनौली और पुलिस संयुक्त रूप से चेकिंग कर रही थी। इस बीच सूचना के आधार पर काली मंदिर के पीछे श्यामकाट टोला जसवल से 24 बोरी खाद बरामद की गई, जो तस्करी कर नेपाल में भेजने के लिए रखी गई थी। कोतवाल अजित प्रताप सिंह ने बताया कि बरामदगी के आधार पर केस दर्ज कर कस्टम कार्यालय नौतनवा भेजा गया।
ठूठीबारी प्रतिनिधि के अनुसार, भारतीय सीमा क्षेत्र से एक वाहन को छह बोरी यूरिया और 29 पेटी टायल्स लाद कर नेपाल ले जाते समय पुलिस व एसएसबी की संयुक्त टीम ने घेराबंदी करके पकड़ लिया। राजाबारी गांव पास वाहन की घेराबंदी होते देखकर तस्कर वाहन से कूदकर नेपाल सीमा में फरार हो गए। ठूठीबारी कोतवाली प्रभारी महेंद्र मिश्रा ने बताया कि पुलिस एसएसबी की संयुक्त टीम ने वाहन को ग्राम राजाबारी टोला टड़हवा के रास्ते नेपाल ले जाते समय घेराबंदी करके पकड़ा।
जांच के दौरान वाहन में लदी छह बोरी यूरिया खाद व 29 पेटी टाइल्स को कस्टम कार्यालय ठूठीबारी को सौंप दिया गया। नौतनवा प्रतिनिधि के अनुसार स्थानीय पुलिस ने क्षेत्र के बैरिहवा से नेपाल को खाद की तस्करी करते दो व्यक्तियों को दबोच लिया, जिनके पास से तीन साइकिल एवं आठ बोरी खाद बरामद हुई।
पकड़े गए व्यक्तियों ने अपना नाम सरबिंद एवं सुरेश निवासी ग्राम मरजादपुर जिला रूपनदेही राष्ट्र नेपाल बताया है। थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव ने बताया कि हिरासत में लिए गए व्यक्तियों को साइकिल एवं खाद के साथ आगे की कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय नौतनवा को सुपुर्द कर दिया गया।