महराजगंज। नेपाल पुलिस ने भारतीय नंबर प्लेट की बाइक की डिग्गी में रखे 21.60 लाख नेपाली रुपये के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच की जा रही है।
पड़ोसी मुल्क नेपाल के नवलपरासी जिले में लुंबिनी प्रदेश पुलिस कार्यालय दांग और नवलपरासी जिले के इलाका पुलिस कार्यालय बेलाटारी की संयुक्त टीम ने प्रतापपुर गांवपालिका बड़ा नंबर एक बेलाटारी में एक भारतीय नंबर प्लेट की बाइक की डिग्गी में रखा भारी मात्रा में नेपाली नोट बरामद किया है। नवलपरासी जिला पुलिस कार्यालय सूचना अधिकारी डीएसपी मदन थापा ने बताया कि 21.60 लाख नेपाली रुपये के साथ पकड़े गए अंकित गुप्ता (26), अभिनन्दन गुप्ता (20) निवासी प्रतापपुर गांवपालिका बड़ा नंबर 6, गुठीप्रसौनी को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में युवकों ने ग्लोबल आईएमई बैंक, बेलाटारी में रकम जमा करने की बात बताई गई। जांच के दौरान यूपी 56 बीएच 6556 नंबर की भारतीय बाइक में छिपाकर रखे 21.60 लाख रुपये बरामद हुए। पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर रकम के स्रोत और बैंक में जमा करने के उद्देश्य को लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।