हरियाणा से फरार बिश्नोई ग्रुप के गैंगस्टर के नेपाल भागने का संदेह
ठूठीबारी। हरियाणा से फरार बिश्नोई ग्रुप के गैंगस्टर के नेपाल भागने की संदेह पर बाॅर्डर पर तैनात सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। सीमावर्ती इलाके में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है।
निचलौल सीओ रविन्द्र कुमार सिंह के अनुसार, महाराष्ट्र के पुणे के फुरसुंगी पुलिस स्टेशन पर फिरौती व गोलीबारी के मामले में दो अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस मामले में गैंगस्टर आरजू बिश्नोई व रवि कुमार निवासी पानी वाला मोटा, जिला सिरसा हरियाणा के संलिप्तता सामने आई है। सूत्रों के अनुसार, दोनों आरोपी नेपाल सीमा से देश छोड़ने की योजना पर आगे बढ़ चुके हैं।
इसको लेकर भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। बॉर्डर की सुरक्षा में तैनात एसएसबी और पुलिस की टीमें नेपाल से आने-जाने वाले लोगों की गहन तलाशी ले रही हैं। सीमा से गुजरने वाले हर व्यक्तियों के पहचान पत्र, उनके बैग और वाहनों की गहनता से जांच के बाद आने-जाने दिया जा रहा है।
निचलौल सीओ रविन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि सीमा पर सभी सुरक्षा एजेंसियां नेपाल बॉर्डर पर अलर्ट मोड पर हैं। आने-जाने वालों की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि अगर क्षेत्र में कहीं संदिग्ध व्यक्ति दिखे तो इसकी सूचना पुलिस को दें।