धूप की लकड़ी के साथ गिरफ्तार तस्कर।
खनुआ। सोनौली कोतवाली क्षेत्र के कैथवलिया उर्फ बरगदही गांव में मुर्गा फार्म के पास बागीचे में पिकअप पर लादी जा रही 52 बोरी धूप की लकड़ी बरामद हुई है। एसएसबी ने बरामद लकड़ी और दो आरोपियों को अग्रिम कार्रवाई के लिए नौतनवा कस्टम को सौंप दिया है।
मुखबिर ने सोमवार की देर रात एसएसबी के जवानों को जानकारी दी कि सोनौली कोतवाली क्षेत्र के कैथवलिया उर्फ बरगदही गांव में मुर्गा फार्म के पास बागीचे में कैरियर के जरिए लाई गई धूप की लकड़ी पिकअप पर लादी जा रही है। सूचना पर अमल करते हुए मौके पर एसएसबी जवान छुपकर बैठ गए। इसी दौरान पिकअप आता दिखाई दिया। पिकअप चालक और उसके साथी जवानों को देखते ही भागने लगे, जिन्हें जवानों ने दौड़ाकर दबोच लिया। पूछताछ में दोनों ने अपना नाम और पता संदीप और विशाल निवासी कोटहीमाई गांव पालिका वार्ड नंबर तीन कोमरिया थाना मझगावां जिला रुपनदेही, नेपाल बताया। साथ ही यह भी बताया कि वे भैरहवां के प्रवीण जायसवाल के कहने पर कैरियर का काम करते हैं। इस कार्य में 30 रुपये प्रति बोरी मजदूरी मिलती है। पिकअप पर कुल 52 बोरी धूप की लकड़ी लदी थी, जिसका कुल वजन 2436 किलो आंका गया। इन कैरियरों के पास से दो साइकिलें भी बरामद हुईं। बरामद धूप की लकड़ी को भारतीय बाजारों में खपाने की योजना थी। एसएसबी बीओपी हरदीडाली के इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार ने बताया कि बरामद पिकअप पर लदी 2436 किलो धूप की लकड़ी, दो साइकिल के साथ दोनों आरोपियों को पकड़कर अग्रिम कार्रवाई के लिए नौतनवा कस्टम को सौंप दिया गया है।