मिठौरा। सिंदुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम सभा मोहनापुर निवासी अमर यादव (30) की मौत के मामले में शनिवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार करके जेज भेज दिया। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, एक सितंबर की रात अमर यादव का शव उसके घर के पास मिलने से सनसनी फैल गई थी। जांच में सिर में गंभीर चोट लगने से मौत की पुष्टि होने पर मृतक के पिता संत यादव ने गांव के एक व्यक्ति और उसके रिश्तेदार सहित चार व्यक्तियों के खिलाफ तहरीर देकर पुत्र अमर यादव को मारने का आरोप लगाया था।
शिकायत पत्र के आधार पर सिंदुरिया थाने की पुलिस ने चार व्यक्तियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों की तलाश शुरु कर दी थी। शनिवार को पुलिस ने दो आरोपी भागी यादव (65 ), रामप्रवेश यादव (28 ) निवासी मोहनापुर, थाना सिन्दुरिया को सिन्दुरिया से मिठौरा जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी सिंदुरिया सत्येंद्र कुमार राय का कहना है कि मृतक अमर यादव से संबंधित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।