सोनौली कस्बे में रात उड़ते देखा गया ड्रोन, पुलिस मौके पर पहुंच जांच में जुटी।
सोनौली। सीमावर्ती सोनौली कस्बे में शुक्रवार की रात 11 बजे ड्रोन जैसा कुछ उड़ता देख लोग परेशान हो गए। कुछ लोगों ने उड़ रही वस्तु का वीडियो बनाकर पुलिस को मामले से अवगत करा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है। सोनौली कस्बा सुरक्षा की दृष्टि से काफी संवेदनशील माना जाता है। ड्रोन जैसी वस्तु उड़ते हुए देखकर लोग चिंतित हो गए। लोग यह जानने में जुट गए कि उड़ रही वस्तु क्या है? कुछ लोगों ने वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर शेयर कर एक-दूसरे से इसके बारे में पूछने लगे। सोनौली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी चौकन्ना हो गईं हैं। जवान पता लगाने में जुटे है कि यह ड्रोन किस उद्देश्य से उड़ाई जा रही है।
पुलिस इसके ऑपरेटर का पता लगा रही है। चौकी प्रभारी सोनौली वृजभान यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अभी यह पुष्ट नहीं हो पा रहा है कि उड़ रही वस्तु ड्रोन है या कुछ और।