निचलौल। सोहगीबरवा वन्य जीव प्रभाग अंतर्गत निचलौल वन रेंज के जंगल में बेंंत और झाड़ियों को जलाकर वन भूमि पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे दो आरोपियों को बुधवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
निचलौल वन क्षेत्राधिकारी सुनील राव ने बताया कि मुखबिर से उन्हें सूचना मिली कि वन रेंज के डोमा बीट के कंपार्ट संख्या तीन में कुछ लोग बेंत और झाड़ियों को जलाकर वन भूमि पर अवैध तरीके से अतिक्रमण कर रहे हैं। उसके बाद सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल टीम के साथ छापा मारा गया, जिसमें दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
दोनों आरोपियों ने पूछताछ में अपना नाम रामनिवास और हरि निवासी कटहरी खुर्द थाना कोठीभार बताया है। मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया है। कार्रवाई टीम में वन दरोगा रविंद्र प्रताप, वन रक्षक पन्नालाल सहित कई वन कर्मी शामिल रहे।