आरोग्य मेला: 1606 लोगों की हुई सेहत की जांच
स्वास्थ्य केंद्रों पर नहीं दिखी मरीजों की भीड़
पेट और घुटने में दर्द के मरीज ज्यादा मिले
संवाद न्यूज एजेंसी
फरेंदा। जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। इसमें 1606 लोगों की सेहत की जांच कर परामर्श और दवाइयां दी गईं। पेट और घुटने में दर्द के मरीज ज्यादा मिले। हालांकि मेले में मरीजों की संख्या कुछ खास नहीं दिखी।
न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लोक विद्या पीठ नगर, समय 11:15 बजे
न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लोक विद्या पीठ नगर में आयुष चिकित्सक सीबी पांडेय व फार्मासिस्ट अरुन चतुर्वेदी इलाज कर रहे थे। मरीज पर्ची बनवाकर अपनी बारी के इंतजार में खड़े रहे। चिकित्सक सीबी पांडेय ने बताया कि खांसी, खुजली, बुखार के मरीजों की संख्या में बढ़ोत्तरी हो रही है। अभी तक 30 मरीजों का इलाज हो चुका है। उदितपुर के दर्शन ने बताया कि दर्द का मरहम लेने आया था, लेकिन नहीं मिला।
न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महदेवा दूबे, समय 11: 30 बजे
न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महदेवा दूबे में मरीजों की संख्या काफी कम रही। यहां पर आयुर्वेद, होम्योपैथ व एलोपैथ में सिर्फ 6 मरीजों का इलाज हुआ। बाबूलाल खांसी से परेशान केंद्र पर पहुंचे थे, तो वहीं मेवाती घुटने की दर्द से कराहती हुई पहुंचीं थीं। अंशू को पेट दर्द की समस्या थी। संविदा चिकित्सक डॉ. प्रदीप यादव ने मरीजों का इलाज कर दवा दी। उन्होंने बताया कि बुखार व गठिया दर्द के मरीज पहुंचे।
न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेजार महदेवा, समय 12 बजे
न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेजार महदेवा पर चिकित्सक अनिरुद्ध पांडेय मरीजों की जांच करते दिखे। फार्मासिस्ट महेंद्र सिंह बैठे मिले व दवा वितरण का कार्य दूसरे स्वास्थ्य कर्मी कर रहे थे। दिन में 12 बजे तक 20 मरीज ही पहुंचे थे। गांव की सूर्यमती को आंख की समस्या, शकुंतला को पैर दर्द, इंसान अली को भूख न लगने की समस्या तो सुभावती कंधे की दर्द से परेशान थीं।
न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नौसागर, 12:15 बजे
अस्पताल में करीब 43 मरीजों का इलाज हो चुका था। अस्पताल पर डॉक्टर सुनील, डॉ बृजेश नायक व डॉ. संजय मिश्रा ने मरीजों के इलाज के बाद दवा दी। अस्पताल पहुंचीं 60 वर्षीय रामरती देवी गठिया की दर्द से परेशान थीं। वही 65 वर्षीय सुखना देवी पेट दर्द व शिवकुमारी को बुखार की समस्या रही।
40 स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित आरोग्य मेले में 1606 लोगों की सेहत की जांच की गई। 31 गोल्डन कार्ड बनाया गया। आरोग्य मेले से लोगों को काफी लाभ मिल रहा है। - डॉ. राकेश कुमार, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी