खुशहालनगर। ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्थापित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, घुघली खुद बदहाल व्यवस्था से जूझ रहा है। अस्पताल में जरूरी सुविधाओं की कमी है। इसके चलते मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सबसे चिंताजनक स्थिति यह है कि पीएचसी में मरीजों के उपचार की जिम्मेदारी होम्योपैथ चिकित्सक के भरोसे है। ऐसे में एलोपैथिक इलाज और अन्य जरूरी चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, आसपास के कई गांवों से मरीज इलाज की उम्मीद लेकर यहां पहुंचते हैं लेकिन पर्याप्त चिकित्सक, दवाएं और संसाधन नहीं होने से उन्हें निराश लौटना पड़ता है।
गंभीर मरीजों को मजबूरन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र या निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों से पीएचसी में पर्याप्त चिकित्सकों की तैनाती और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
इस संबंध में चिकित्सा प्रभारी डॉ. अमित बिक्रम सिंह ने बताया कि सीमित संसाधनों में बेहतर चिकित्सा सुविधा देने का प्रयास किया जा रहा है। मरीजों के नजदीक सीएचसी होने के कारण वे वहां चले जाते हैं।