कंप्यूटर टेक्नीशियन के मानदेय में 765 रुपये बढ़ोतरी
टेली आपरेटर,आडिटर व प्रोग्रामर को मिलेगा लाभ
महराजगंज। परिवहन निगम ने आउटसोर्सिंग कर्मियों के मानदेय में पांच फीसदी का इजाफा किया है। महराजगंज डिपो के कुल 52 कर्मचारियों को इसका लाभ मिलेगा। शासन से मिले निर्देश क्रम में डिपो ने कुल 52 कर्मियों की सूची राज्य कार्यालय भेजी है। एआरएम के मुताबिक अगस्त महीने से इन्हें बढ़ा वेतन दिया जाएगा।
परिवहन निगम अपने कर्मचारियों को समय समय पर बढ़े मानदेय का लाभ वरिष्ठता के आधार पर देता है। पिछले दिनों महराजगंज डिपो से ऐसे कर्मियों की सूची मांगी गई थी जो लंबे समय से आउटसोर्सिंग कर्मचारी हैं और बढ़े मानदेय का लाभ नहीं पा रहे। तैयार सूची में सर्वाधिक कंप्यूटर टेक्नीशियन, ऑडिटर, प्रोग्रामर व वर्कशॉप कर्मियों को इसमें बढ़े वेतन का लाभ देने के लिए चिह्नित किया है।
वर्कशॉप सीनियर फोरमैन नवीन श्रीवास्तव ने बताया कि जनपद के कुल 52 कर्मियों का मानदेय पांच फीसदी बढ़ा है। अब तक कंप्यूटर टेक्नीशियन को 20655 रुपये मिलते थे, लेकिन अगस्त से 21420 रुपये दिए जाएंगे। कुल 765 रुपये बढ़ा मानदेय उन्हें मिलेगा। इसी अनुपात में शेष आउटसोर्सिंग कर्मी जो सूची में शामिल उन्हें मानदेय प्राप्त होगा।
वर्जन
आउटसोर्सिंग कर्मियों के मानदेय में पांच फीसदी की वृद्धि हुई है। सूची तैयार की गई है जिसमें 52 आउटसोर्सिंग कर्मियों का नाम शामिल है। सूची रिपोर्ट के साथ राज्य परिवहन कार्यालय प्रेषित कर दी गई है। इन सभी कर्मियों को बढ़े वेतन का लाभ अगस्त महीने से मिलेगा।
-सर्वजीत वर्मा, एआरएम, महराजगंज।