महराजगंज। विद्युत उपकेंद्र बृजमनगंज में करीब चार करोड़ रुपये की लागत से पांच मेगा वोल्ट एम्पीयर (एमवीए) का नया ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। इस परियोजना से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति में सुधार होगा और लो वोल्टेज की समस्या से राहत मिलेगी।
विद्युत विभाग की ओर से इस परियोजना के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। अब इस पर काम जल्द ही शुरू होगा। इस ट्रांसफाॅर्मर की स्थापना से बृजमनगंज और आसपास के लगभग 50 हजार लोगों को बेहतर बिजली आपूर्ति मिलेगी।
जानकारी के अनुसार, जिले के विद्युत उपकेंद्र बृजमनगंज में 15 एमवीए ट्रांसफॉर्मर से वर्तमान में इससे जुड़े गांवों की आपूर्ति होती है। इस क्षेत्र में लंबे समय से बिजली आपूर्ति की समस्या बनी हुई है। यहां के लोग अक्सर लो वोल्टेज और बिजली कटौती और ओवरलोडिंग से जूझ रहे हैं। ठंड के मौसम में जब बिजली की खपत बढ़ जाती है और ट्रांसफाॅर्मरों पर अत्यधिक लोड पड़ता है।
इससे वोल्टेज कम हो जाता है और बिजली की आपूर्ति में दिक्कतें आती हैं। इसका असर न सिर्फ घरेलू जीवन पर पड़ता है, बल्कि व्यापारिक और औद्योगिक गतिविधियां भी प्रभावित होती है। लो वोल्टेज के कारण बिजली उपकरणों में खराबी भी आने लगती है। इससे लोगों को काफी परेशानी होती है।
अब इस समस्या का समाधान पांच एमवीए के नए ट्रांसफाॅर्मर से होगा, जिसकी क्षमता वर्तमान ट्रांसफाॅर्मर से अधिक है। विद्युत विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह परियोजना बृजमनगंज क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की समस्याओं को हल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।