बेरोजगारों को प्रशिक्षण देकर बनाया जाएगा हुनरमंद
625 जरूरतमंदों को आत्मनिर्भर बनाएगा आरसेटी
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिले के युवाओं के लिए अच्छी खबर है। भारतीय स्टेट बैंक के ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) द्वारा नए वित्तीय वर्ष में कुल 625 युवाओं को हुनरमंद बनाया जाएगा। प्रशिक्षण प्राप्त कर बेरोजगार युवा स्वरोजगार से जुड़कर आर्थिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त कर सकेंगे।
संस्थान द्वारा अप्रैल में डेयरी फार्मिंग, सेलफोन रिपेयरिंग व अगरबत्ती निर्माण, मई में सब्जी की नर्सरी व महिला सिलाई, जून में पापड़ मसाला निर्माण व अगरबत्ती निर्माण, जुलाई में ब्यूटी पार्लर व डेयरी फार्मिंग, अगस्त में रोजगारपरक प्रशिक्षण व बकरी पालन, सितंबर में महिला सिलाई व कृषि उद्यमी, अक्टूबर में सब्जी नर्सरी व बकरी पालन, नवंबर में अगरबत्ती निर्माण व ब्यूटी पार्लर,दिसंबर में मशरूम की खेती व पापड़ निर्माण, जनवरी में मशरूम निर्माण व महिला सिलाई, फरवरी में अगरबत्ती निर्माण व इलेक्ट्रिक और मार्च में ब्यूटी पार्लर व मोमबत्ती निर्माण ट्रेड में 25-25 लाभार्थियों को चयनित करते हुए प्रशिक्षित किया जाएगा।
संस्थान के निदेशक रमेशचंद्र सिंह बृजवाल ने कहा कि वर्ष भर में 25 प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर 625 युवाओं को हुनरमंद बनाया जाएगा। प्रशिक्षण पर 44 लाख व्यय होंगे।
470 छात्राें शिक्षा के लिए ऋण देने का लक्ष्य
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। धन की कमी की वजह से शिक्षा से वंचित लोगों की मुश्किलों को बैंक दूर करेंगे। वित्तीय वर्ष 2021-22 में जिले के 16 बैंकों द्वारा 470 युवाओं को ऋण पढ़ने में उनकी मदद करेंगे। बैंक ऑफ बड़ौदा 12, केनरा बैंक 16, सेंट्रल बैंक 24,पंजाब नेशनल बैंक 42, स्टेट बैंक 110, यूनियन बैंक व इंडियन बैंक 21-21, एचडीएफसी 18, बड़ौदा यूपी बैंक 174, एक्सिस को आठ और बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ महाराष्ट्र, इंडियन ओवरसीज बैंक, पंजाब एंड सिंध, यूको व आईसीआईसीआई को चार-चार आवेदकों को शिक्षा ऋण उपलब्ध कराना है। मार्गदर्शी बैंक के मुख्य प्रबंधक एसके श्रीवास्तव ने कहा कि बैंक युवाओं को शिक्षित करने के लिए ऋण देने के लिए तैयार हैं। युवा संबंधित शाखा में ऋण संबंधी आवेदन करें। शिक्षा ऋण के मद में लगभग 40 करोड़ बांटा जाएगा।