बाढ़ से बचाव के लिए प्रशिक्षित होंगे आपदा मित्र
महराजगंज। संभावित बाढ़ से बचाव के लिए जिले के 100 आपदा मित्रों को राज्य स्तर पर प्रशिक्षित किया जाएगा। वे वहां विशेषज्ञों से बाढ़ से बचाव के दृष्टिगत किए जाने वाले कार्यों की जानकारी प्राप्त करेंगे तथा यहां आकर अन्य आपदा मित्रों को प्रशिक्षित करेंगे।
जिले के सभी चार तहसील में आपदा मित्र व सहयोगी के रुप में कुल 810 लोगों को लगाया गया है। सदर के 19 ग्राम पंचायतों में 147, फरेंदा के 29 ग्राम पंचायतों में 280, निचलौल के 17 ग्राम पंचायतों में 44 तथा नौतनवां के 18 ग्राम पंचायतों में 339 आपदा मित्रों की तैनाती की गई है। मानसून आने में लगभग तीन सप्ताह का समय बचा है, ऐसे में प्रशासनिक जिम्मेदार समय रहते सभी तैयारी को पूरी करा लेना चाहते हैं। चिह्नित आपदा मित्रों में से प्रत्येक तहसील के 25-25 आपदा मित्रों को राज्य स्तर पर प्रशिक्षित किए जाने के लिए योजना है। लखनऊ स्थित राज्य स्तरीय केंद्र पर उन्हें तीन दिवसीय प्रशिक्षण मेें बचाव के तौर-तरीकों की जानकारी दी जाएगी।
----------------------------------------
आपदा किट भी लाएंगे प्रशिक्षणार्थी
राज्य स्तर पर प्रशिक्षित होने वाले आपदा मित्र जिले भर के सभी आपदा मित्रों का आपदा किट भी वहां से प्राप्त कर जिले में लाना सुनिश्चित करेंगे। किट में बचाव कार्य में प्रयुक्त किए जाने वाली सहयोगी सामग्री प्रदान की जाएगी।
-----------------------------------------
चार जोन व 19 सेक्टर में बांटा गया है जिला
बाढ़ से बचाव पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिले को चार जोन व 19 सेक्टर में बांटा गया है। जोन स्तर पर संबंधित तहसील के एसडीएम को जोनल समन्वयक अधिकारी तथा 19 सेक्टर में 19 सेक्टर समन्वयक अधिकारी तथा उनके साथ 36 सहायक सेक्टर समन्वयक अधिकारी को तैनात किए गए हैं।
-----------------------------------------
13 आरआरटी व 10 मोबाइल चिकित्सा टीम भी रहेगी अलर्ट
बाढ़ से बचाव के लिए प्रशासन के निर्देश पर जिले में 13 रैपिड रिस्पांस टीम व 10 मोबाइल चिकित्सा टीम भी संक्रामक रोग से बचाव के लिए अलर्ट रहेगी। एंबुलेंस को भी बचाव कार्य में प्रयुक्त किया जा सकेगा।
-----------------------------------------------
बाढ़ से बचाव के दृष्टिगत सभी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। 100 आपदा मित्र राज्य स्तर से प्रशिक्षित होकर आएंगे तो वे स्थानीय स्तर पर अन्य आपदा मित्रों को भी उसकी जानकारी प्रदान करेंगे, जिससे कि राहत व बचाव कार्य में सुगमता हो।
- डॉ. पंकज कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी