परतावल चौराहे पर बृहस्पतिवार की देर रात हुआ हादसा, शामली का रहने वाला था ट्रेलर चालक
परतावल। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के परतावल में मुख्य चौराहे पर सड़क हादसे में ट्रेलर चालक की मौत हो गई। शुक्रवार की रात करीब 1:50 बजे तेज रफ्तार ट्रेलर और डंपर की टक्कर में दोनों वाहन पलट गए। हादसे में ट्रेलर चालक अजमल चौहान पुत्र फुरकान शामली निवासी लोहरीपुर क्राधला जिला शामली की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, ट्रेलर कप्तानगंज की ओर से पनियरा की तरफ और डंपर गोरखपुर की तरफ से महराजगंज की तरफ जा रहा था। बताया गया कि परतावल चौराहे पर कप्तानगंज से पनियरा की ओर जा रहे ट्रेलर की रफ्तार काफी तेज थी। इसी दौरान अचानक सामने आ गए डंपर को देखकर चालक ने वाहन को महराजगंज की दिशा में मोड़ दिया, जिससे दोनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गए। हादसे के समय ट्रेलर में रिफाइंड तेल लदा हुआ था, जबकि डंपर खाली बताया जा रहा है।
दुर्घटना की चपेट में आकर चौराहे पर स्थित एक जूस की दुकान भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल ट्रेलर चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी पहचान अजमल चौहान पुत्र फुरकान शामली निवासी लोहरीपुर क्राधला जिला शामली यूपी के रूप में हुई। जबकि गाड़ी हरियाणा की है। उधर, हादसे के बाद डंपर चालक मौके से भाग गया। पुलिस शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई में जुट गई है। एसओ श्यामदेउरवा अभिषेक सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।