फरेंदा। सोनौली बाॅर्डर क्षेत्र के थाना क्षेत्रों में अवैध कागजात के कारण कई विदेशी नागरिक पकड़े जा चुके हैं। जांच के बाद कई देश के नागरिकों को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। शनिवार को भी फरेंदा में एक अमेरिकी नागरिक पकड़ा गया है। रविवार को उसे जेल भेज दिया गया।
सूत्रों के अनुसार, सीमावर्ती इलाकों में ऐसे धंधेबाज सक्रिय हैं जो मोटी रकम की लालच में विदेशी नागरिकों को सोनौली के आसपास पगडंडी के रास्ते नेपाल पहुंचा देते हैं। स्थानीय रास्तों और सुरक्षा व्यवस्था की अच्छी जानकारी रखने वाले यह दलाल विदेशी नागरिकों को नेपाल में प्रवेश करा कर बदले में मोटी रकम ऐंठ लेते हैं। यदि विदेशी नागरिक पकड़ा जाता है तो दलाल उसे छोड़कर फरार हो जाते हैं। इसके पहले कई बार विदेशी नागरिकों को सोनौली से नेपाल में प्रवेश कराते समय कई दलाल पकड़े जा चुके हैं।
सूत्रों के अनुसार, सीमा के जिन हिस्सों में कटीले तार नहीं होते या जहां नदियां-पहाड़ हैं, वहां के कच्चे रास्तों को दलाल चुनते हैं। कई बार विदेशी नागरिकों को नकली भारतीय पहचान पत्र (जैसे आधार कार्ड) उपलब्ध कराए जाते हैं। सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय स्थानीय दलाल सुरक्षा बलों की गश्त के समय की रेकी करते हैं। इसी के अनुसान अपनी योजना तैयार करते हैं। इन चोर रास्तों से सीमा पार कराने के बदले दलाल विदेशी नागरिकों से मोटी रकम भी वसूलते हैं। शनिवार को फरेंदा में विदेशी नागरिक के पकड़े जाने के बाद कई सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।