महराजगंज। वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए यातायात पुलिस की ओर से अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का मुख्य लक्ष्य ऑटो, बस, टेंपो, ई-रिक्शा और अन्य वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी देकर सुरक्षित ड्राइविंग के लिए प्रेरित करना है।
यातायात प्रभारी अरुणेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अभियान के तहत ई रिक्शा चालकों को विशेष रूप से जागरूक किया जा रहा है। उन्हें निर्धारित गति सीमा का पालन करने, अपनी साइड पर ड्राइविंग करने, अन्य वाहनों से उचित दूरी बनाए रखने और पैदल यात्रियों को रास्ता देने जैसे नियमों का पालन करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। ई रिक्शा चालकों को यात्रियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। साथ ही अधिक सवारी न बैठाने, यात्रियों को सुरक्षित रूप से चढ़ाने-उतारने और वाहन की नियमित जांच कराने के लिए निर्देशित किया गया है।