महराजगंज। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए रविवार को यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ हुआ। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने पुलिस कार्यालय परिसर से जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली पुलिस कार्यालय से शुरू होकर उद्योग चौराहा, नगर तिराहा और नवीन सब्जी मंडी होते हुए हनुमानगढ़ी पहुंची। इसके बाद नगर तिराहा होते हुए यातायात कार्यालय पहुंचकर समाप्त हुई। रैली के माध्यम से लोगों को हेलमेट, सीट बेल्ट लगाने और निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने का संदेश दिया गया।
एसपी ने कहा कि वाहन चलाते समय थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए जरूरी है। यातायात माह में स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रमों के साथ निबंध, चित्रकला और स्लोगन प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। प्रमुख चौराहों, बाजारों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर भी अभियान चलाया जाएगा। ओवरस्पीडिंग, गलत दिशा और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष चेकिंग होगी।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, प्रतिसार निरीक्षक रूपेश कुमार, यातायात निरीक्षक अरुणेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी व पुलिसकर्मी मौजूद रहे।