यात्रियों को करना पड़ा परेशानी का सामना
सोनौली। सोनौली बॉर्डर के रास्ते नेपाल जाने वाले पर्यटकों को बुधवार को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। नौतनवा बाइपास स्थित कुनसेरवा ओवरब्रिज के पास ट्रकों की लंबी कतार लगने से मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया। जाम की वजह से एंबुलेंस सहित कई पर्यटक वाहन सुबह आठ से नौ बजे तक फंसे रहे।
नेपाल जाने वाले मार्ग पर आगे ट्रकों के तीन लेन में खड़े होने के कारण पिछले पांच दिनों से यातायात प्रभावित है। बुधवार सुबह पर्यटक वाहन और एक एंबुलेंस पीछे से आते हुए काफी आगे तक पहुंच गए, लेकिन आगे रास्ता बंद होने के कारण उन्हें रुकना पड़ा। बाद में ट्रक चालकों ने कुछ वाहनों को पीछे करके रास्ता बनाया, तब जाकर एम्बुलेंस को रवाना किया जा सका।
स्थानीय लोगों ने बताया कि मार्ग अवरुद्ध होने की सूचना एनएचएआई ने पहले से नहीं दी थी, जिससे वाहन चालक और पर्यटक अनजाने में जाम में फंस गए। निर्माणाधीन सड़क पर आए दिन लगने वाले जाम के कारण यात्रियों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
कई लोगों की ट्रेन और फ्लाइट तक छूट रही हैं। स्थानीय नागरिकों ने एनएचएआई और प्रशासन से यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने तथा मार्ग पर उचित सूचना और वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि यात्रियों और आपातकालीन सेवाओं को परेशानी का सामना न करना पड़े।