बिजली आपूर्ति से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग
महराजगंज। मंगलवार को उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के पदाधिकारियों ने क्षेत्र में बिजली आपूर्ति से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर एक 19 सूत्री मांग पत्र सौंपा। मुख्यमंत्री व पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड को संबोधित यह मांग पत्र बैकुंठपुर फीडर पर अधीक्षण अभियंता वाईपी सिंह को सौंपा गया।
जिलाध्यक्ष फूल चन्द अग्रवाल ने कहा कि प्रीपेड मीटर लगाए जाने से पहले कई आवश्यक सुधार किए जाने चाहिए, अन्यथा उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। मांग पत्र में प्रमुख रूप से प्रीपेड मीटर से जुड़े मुद्दों पर जोर दिया गया है। इसमें शामिल है कि प्रीपेड मीटर लगाने से पूर्व जमा सिक्योरिटी राशि उपभोक्ताओं को वापस की जाए, क्योंकि प्रीपेड सिस्टम में उधार बिजली का कोई औचित्य नहीं रह जाता। साथ ही फिक्स चार्ज, मिनिमम चार्ज और इलेक्ट्रिसिटी ड्यूटी को समाप्त कर केवल खपत यूनिट के आधार पर बिल बनाया जाए।
प्रार्थना पत्र जमा करने पर रिसीविंग अनिवार्य रूप से दी जाए, शिकायत पर पर्ची बनाई जाए और उसकी कॉपी उपभोक्ता को मिले। पुराने पीडी कनेक्शनों पर मनमानी आरएम जारी करने, फाइनल बिल बनाने में अनियमितता और सिक्योरिटी समायोजन न करने पर रोक लगाने की मांग की गई है। शिकायतों के निस्तारण के लिए समय-सीमा और जांच अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाए। ओटीएस योजना को सभी उपभोक्ताओं पर लागू किया जाए। उच्च लाइन लॉस वाले फीडरों/ट्रांसफार्मरों पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित हो। ज्ञापन सौंपने के दौरान दुर्गेश कुमार गुप्ता, अशोक टिबड़ेवाल, विवेक गुप्ता, मनोज अग्रहरी, दीपक अग्रवाल सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।