सोनौली। भारत-नेपाल सीमा स्थित बेलहिया भंसार कार्यालय पर बिचौलियों का जमावड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। भारतीय पर्यटकों से सुविधा और ‘भंसार’ कराने के नाम पर अवैध वसूली खुलेआम की जा रही है। इसकी शिकायत कुछ पर्यटकों ने पुलिस से की।
जानकारी के अनुसार, जैसे ही भारतीय पर्यटक अपनी गाड़ी लेकर सोनौली से बेलहिया भंसार कार्यालय के पास पहुंचते हैं, दर्जन भर से अधिक दलाल उन्हें घेर लेते हैं। कोई जल्दी कागज बनवाने का लालच देता है तो कोई दस्तावेजों में कमी बताकर अतिरिक्त शुल्क वसूलता है। पर्यटकों का कहना है कि वाहन की ओरिजिनल आरसी नहीं होती तो साइबर कैफे से तत्काल “ओरिजिनल आरसी” तैयार करने के नाम पर मोटी रकम वसूल की जाती है। बताया जाता है कि एक गाड़ी की सुविधा और भंसार कराने के नाम पर 200 रुपये और भंसार का पेपर बनवाने के नाम पर 1,000 रुपये तक वसूला जा रहा है। भारत के अन्य राज्यों से आने वाले पर्यटक परेशान होकर लौटते हैं। पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भंसार कार्यालय पर बिचौलियों की गतिविधियों पर तुरंत रोक लगाई जाए।