आज से कार्यालयों में बढ़ेगी रौनक
महराजगंज। कोरोना वायरस के संक्रमण की वजह से किए गए लॉकडाउन के 27 दिन बाद सोमवार को कार्यालयों में पसरा सन्नाटा खत्म होगा। कार्यालयों के खुल जाने से जहां गायब हुई रौनक लौटेगी, वहीं विकास कार्यों की रफ्तार भी बढ़ जाएगी।
प्रधानमंत्री द्वारा किए गए देशव्यापी लॉकडाउन लागू होने के बाद जिले के अधिकांश कार्यालय भी अन्य जगहों की तरह 27 दिन या तो पूर्ण रूप से बंद रहे हैं या फिर जिम्मेदारों ने घर से ही काम करने को प्राथमिकता दी है। प्रदेश सरकार ने 20 अप्रैल से सभी कार्यालयों को खोलने का निर्देश दिया है। कार्यालय जाकर कार्य प्रारंभ करें मगर सुरक्षात्मक उपाय के साथ। इस बात का भी विशेष ध्यान रखना होगा कि कार्यालयों में भीड़ न एकत्रित हो तथा सामाजिक दूरी का कड़ाई से पालन किया जाए। कर्मी नियमित रूप से सैनिटाइजर का प्रयोग करें व स्वच्छता पर भी विशेष जोर दिया जाए। जिलाधिकारी डॉ. उज्ज्वल कुमार ने बताया कि शासन द्वारा जारी निर्देश व कोरोना के संक्रमण से बचाव के सभी उपायों को अपनाते हुए सोमवार से कार्यालयों को खोला जाएगा।