पंडित दीनदयाल इंटर कालेज व जीएसवीएस इंटर काॅलेज में बोर्ड परीक्षा को लेकर डेस्क पर स्लिप लगवाते प्रधानाचार्य विजय बहादुर सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। जिले के 113 केंद्रों पर यूपी बोर्ड परीक्षा बृहस्पतिवार से शुरू हो रही है। पहली पाली में सुबह 7.30 बजे से 10.45 तक हाई स्कूल हिन्दी प्रथम प्रश्न पत्र और द्वितीय पाली अपराह्न 2 बजे से 5.15 बजे तक इंटर हिन्दी प्रथम प्रश्न पत्र की परीक्षा कराई जाएगी। प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाएं केंद्रों पर पहुंच गई हैं। नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए जिला प्रशासन ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।
इस वर्ष बोर्ड परीक्षा में 75488 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इनमें हाईस्कूल के 22369 छात्रों के साथ ही 21073 छात्राएं परीक्षा में भाग लेंगी। जबकि इंटर की परीक्षा में 15493 छात्र और 16553 छात्राएं शामिल होंगी। जिला विद्यालय निरीक्षक केसी भारती ने बताया कि सभी केंद्र व्यवस्थापकों को नकल विहीन परीक्षा कराने की हिदायत दी गई है। उन्होंने बताया कि नकल संज्ञेय अपराध है। नकल में लिप्त पाए गए केंद्र व्यवस्थापक व कक्ष निरीक्षक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
परीक्षा के दौरान जिले में धारा 144 लागू है। कहीं भी पांच या पांच से अधिक लोग एकत्र नहीं होंगे। बोर्ड परीक्षा को लेकर पूरे जिले को 5 जोन में बांटा गया है। एसडीएम अपर एसडीएम जोनल मजिस्ट्रेट बनाए गए है। इसके अतिरिक्त 4 सचल दस्ते भी गठित किए गए है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर आंतरिक सचल दस्ता भी रहेगा। यह परीक्षा के समय प्रवेश करते समय प्रत्येक परीक्षार्थी से कड़ाई से जांच करेगा।
डीआईओएस ने ने बताया कि बोर्ड परीक्षा के मद्देनजर कंट्रोल रूम बनाया गया है। इसमें कर्मचारी तैनात किए गए हैं। किसी भी केंद्र पर नकल की सूचना कंट्रोल रूम के जरिए मंडल व शासन स्तर को भेजी जाएगी। उन्होंने बताया कि बोर्ड परीक्षा में लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।
बोर्ड परीक्षा को लेकर केंद्र पूरी तरह तैयार हैं। बुधवार को जीएसवीएस इंटर कालेज के प्रधानाचार्य व केंद्र व्यवस्थापक ने डेस्क स्लिप व्यवस्थित कराया। साथ ही कक्ष निरीक्षकों की व्यवस्था मुकम्मल की।
बैठक कर नकल विहीन परीक्षा की चर्चा की। नगर के महराजगंज इंटर कालेज, राजकीय कन्या इंटर कालेज, पंडित दीन दयाल इंटर कालेज के साथ ही कई विद्यालयों में विद्यालय के प्रधानाध्यापक व केंद्र व्यवस्थापक ने सभी कक्ष का भ्रमण कर व्यवस्था का जायजा लिए।