महराजगंज। करवा चौथ पर्व को लेकर शहर के बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। व्रत की तैयारियों में जुटी महिलाएं साड़ी, लहंगा, डिजाइनर सूट, चूड़ियां और शृंगार के सामान की खरीदारी कर रही हैं।
वहीं, करवा चौथ की पूजा में इस्तेमाल होने वाले करवा, छलनी, पूजन थाली और कथा की किताबों की दुकानों पर भी खरीदार पहुंचने लगे हैं। महिलाओं को आकर्षित करने के लिए दुकानदारों ने अपनी दुकानों पर विभिन्न डिजाइन और रंगों के आकर्षक कलेक्शन सजाए हैं।
दुर्गा मंदिर के पास स्थित शृंगार की दुकान पर खरीदारी करने पहुंच रहीं महिलाओं की पसंद में रंग-बिरंगी चूड़ियां और मेहंदी शामिल हैं। दुकानदार मनोज कुमार ने बताया कि करवा चौथ को लेकर शृंगार के सामान की मांग बढ़ रही है। बाजार में चूड़ियां 20 से 500 रुपये तक, बिंदी 10 से 50 रुपये तक और मेहंदी 10 से 30 रुपये तक बिक रही है। वहीं, शृंगार के अन्य सामान की कीमत 100 से लेकर एक हजार रुपये तक है।