सोमवार को नेपाल बॉर्डर एसएसबी कैंप के ठीक सामने एक कार से 400 शीशी कोडिनयुक्त सिरप हुआ था बरामद
ठूठीबारी कोतवाली प्रभारी नवनीत नागर पर आरोप है कि उन्होंने उच्च अधिकारियों को नहीं दी एनडीपीएस एक्ट की सूचना
महराजगंज/ठूठीबारी। उच्चाधिकारियों को बिना सूचना दिए एनडीपीएस के तहत प्राथमिकी दर्ज करना ठूठीबारी कोतवाली प्रभारी नवनीत नागर को भारी पड़ गया। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने समय से सूचना न देने, घटना के तथ्य छुपाने और कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोपों में तत्काल प्रभाव से उन्हें निलंबित कर दिया।
यह कार्रवाई जिले में पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक सख्त कदम मानी जा रही है। जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने हाल ही में कई थानों का आकस्मिक निरीक्षण कर मातहतों को नियम कानून का पालन करने, जनसुनवाई समेत क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए सख्त निर्देश दिए थे। उन्होंने चेतावनी दी थी कि अगर कर्तव्य पालन में लापरवाही मिली तो कार्रवाई की जाएगी। सोमवार को नेपाल बॉर्डर एसएसबी कैंप के ठीक सामने एक कार से भारी मात्रा में कोडिनयुक्त सिरप बरामद हुआ था। आरोप है कि ठूठीबारी कोतवाली प्रभारी नवनीत नागर एनडीपीएस एक्ट की सूचना उच्च अधिकारियों को नहीं दी।
उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को बिना सूचना दिए मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली और घटना के पूर्ण तथ्यों को छुपाने का प्रयास किया। साथ ही कामकाज में लापरवाही के सबूत भी सामने आए हैं। एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने इन आरोपों की प्रारंभिक जांच के बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए थानाध्यक्ष को निलंबित करने का आदेश जारी किया। इस कार्रवाई से पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट संदेश दिया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
लापरवाही मामले में पहले भी दी थी नसीहत
पूर्व एसपी सोमेंद्र मीणा ने एक माह पूर्व ठूठीबारी कोतवाली का औचक निरीक्षण किया था। उन्होंने लापरवाही मामले में मुंशी रंजीत गीरी को लाइन हाजिर करते हुए कोतवाली प्रभारी नवनीत नागर को कड़ी फटकार लगाकर सुधार लाने की नसीहत दी थी। इसके बावजूद वह क्षेत्र में पशु तस्करी, खाद्यानों की तस्करी समेत जनसुनवाई में फरियादियों को संतुष्ट करने में असफल रहे। वहीं पशु तस्करी और खाद्यान्न तस्करी की जांच निचलौल सीओ को मिला था। बताया जाता कि इन सभी मुद्दों की जांच के बाद पुलिस अधीक्षक ने ठूठीबारी कोतवाली प्रभारी को निलंबित कर दिया।