कई बार वीजा और टिकट जारी करवाकर बाद में निरस्त करवाने का आरोप
श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के पुरैना का निवासी है आरोपी
परतावल। रूस भेजने के नाम पर तीन युवकों से 4.20 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के पुरैना निवासी विशाल पांडेय के विरुद्ध बुधवार की रात में प्राथमिकी दर्ज कर ली। पीड़ितों ने दो माह पहले एसपी ऑफिस में शिकायत दर्ज कराई थी।
कोठीभार थाना क्षेत्र के भुजौली निवासी शत्रुघ्न मद्धेशिया, गजरु टोला सिसवा बाजार निवासी अर्जुन कुमार और सबया बिचला टोला निवासी कृष्ण मोहन शर्मा ने एसपी ऑफिस में शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया था कि श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के पुरैना निवासी विशाल पांडेय ने उन्हें रूस में नौकरी दिलाने का झांसा देकर पासपोर्ट और रुपये ले लिए। पीड़ितों का कहना है कि उन्होंने कुछ पैसे उन्होंने अपने रिश्तेदारों और परिचितों से उधार लेकर दिए थे।
पीड़ितों के अनुसार, आरोपी को उन्होंने 23 अगस्त 2025 को कुल 4.20 लाख रुपये दिए थे। इसमें अर्जुन ने 1.39 लाख, कृष्ण मोहन ने 1.47 लाख और शत्रुघ्न ने 1.34 लाख रुपये आरोपी को दिए थे। आरोप है कि आठ अक्तूबर 2025 को आरोपी ने टिकट दिया। लेकिन जब तीनों जाने के लिए तैयार हुए तो टिकट और वीजा कैंसिल करवा दिया गया। इसके बाद 13 अक्तूबर 2025 को फिर टिकट दिया गया। उसको भी कैंसिल करा दिया गया। इसके अलावा 29 नवंबर और और 16 दिसंबर 2025 को भी टिकट दिया गया था लेकिन उसको भी कैंसिल करा दिया गया।
जब टिकट कैंसिल कराने का कारण पूछा गया तो आरोपी ने कहा कि अगले माह टिकट फाइनल हो जाएगा। वहां पर मौसम खराब है। इसलिए दिक्कत हो रही है। इसके बाद 29 जनवरी 2026 को वीजा खत्म हो गया। पूछने पर आरोपी ने बार-बार बाहर भेजने का आश्वासन देता रहा लेकिन नहीं भेजा। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि आरोपी ने न तो विदेश भेजने का वादा पूरा किया और न ही धनराशि व पासपोर्ट वापस किए। रुपये मांगने पर आरोपी टालमटोल करता रहा और बाद में कथित रूप से धमकी भी दी।
एसओ सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि पीड़ितों की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।