महराजगंज। नौतनवा तहसील क्षेत्र के कजरी घाट और लालपुर घाट पर अवैध बालू खनन के खिलाफ खनन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार रात को खनन निरीक्षक अजीत कुमार के नेतृत्व में की गई छापामारी में तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर नौतनवा थाने को सौंप दिया गया।
खनन निरीक्षक अजीत कुमार ने बताया कि नौतनवा क्षेत्र के कजरी और लालपुर घाट से सफेद बालू के अवैध खनन की सूचना लंबे समय से मिल रही थी। इसकी गंभीरता को देखते हुए मंगलवार रात को दोनों घाटों का औचक निरीक्षण किया गया। घाटों पर भारी मात्रा में अवैध रूप से खनन किया गया बालू का ढेर पाया गया। निरीक्षण के बाद खनन विभाग की टीम ने अड्डा बाजार चौकी के पास तीन ट्रैक्टर-ट्राॅली को पकड़ा जो कजरी और लालपुर घाट से अवैध बालू लादकर बेचने के लिए जा रहे थे। तीनों ट्रैक्टर-ट्राॅली को सीज कर नौतनवा थाने को सौंप दिया। संवाद