फरेंदा में मिशन सेफ के तहत एआरटीओ ने की कार्रवाई
अबतक 88 स्कूल वाहनों को नोटिस, 1.25 लाख लगा जुर्माना
महराजगंज। मिशन सेफ फ्यूचर के तहत एआरटीओ के निर्देशन में फरेंदा तहसील क्षेत्र के स्कूल वाहनों की जांच की गई। इस दौरान तीन वाहनों पर 90 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया और एक स्कूल बस सीज कर पुलिस की सुपुर्दगी में दिया गया।
शासन के निर्देश पर पहली जुलाई से एआरटीओ महराजगंज के नेतृत्व में मिशन शेफ फ्यूचर के तहत स्कूल बसों की जांच की जा रही है। बृहस्पतिवार को फरेंदा तहसील क्षेत्र में एआरटीओ मनोज कुमार सिंह व यात्री मालकर अधिकारी राजेश के नेतृत्व में दो टीमों ने स्कूलों में जाकर बसों की फिटनेस, मानक व आन बोर्ड किए जाने की स्थिति का जायजा लिया।
अभियान के तहत की गई कार्रवाई की बात करें तो 88 स्कूल बसों को फिटनेस व परमिट की नोटिस, आठ पर 1.25 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। साथ ही दो स्कूल बसों को सीज किया जा चुका है।
एआरटीओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि 15 जुलाई तक आयुक्त कार्यालय से मिले निर्देश क्रम में प्रवर्तन की कार्रवाई जारी रहेगी।