परतावल। सड़क जाम कर हंगामा करने के मामले में पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए तीन नामजद समेत दर्जनों अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामला दहेज हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग से जुड़ा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, बीते शनिवार को मृतका के मायके पक्ष और ग्रामीणों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए भटहट पनियरा मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया। जाम के कारण कई घंटे तक यातायात ठप रहा और आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद जाम समाप्त कराया। पुलिस के अनुसार मृतका के मां की तहरीर पर पहले से ही दहेज हत्या का केस दर्ज है, इसके बावजूद ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे आम लोगों को असुविधा हुई। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि सड़क जाम करने के मामले में दरोगा अनिकेत सिंह की तहरीर पर उषा, सरोजा, व चंदन को नामजद करते हुए 10-12 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।