गैस सिलिंडर धमाके में घायल मासूम समेत तीन की मौत
फरेंदा (महराजगंज)। कस्बे के धानी ढाला तिराहे के पास रविवार सुबह एक मकान में रसोई गैस सिलिंडर में हुए धमाके में परिवार के घायल छह सदस्य घायल हो गए थे। इनमें मासूम समेत तीन लोगों की मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मंगलवार रात और बुधवार की सुबह मौत हो गई। दो घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
फरेंदा थानाक्षेत्र के धानी ढाला के पास रविवार की सुबह एक मकान में चाय बनाते वक्त रसोई गैस सिलिंडर में धमाका हो गया था। एक ही परिवार के जमील अहमद (60), जावेद अहमद (28), निसार अहमद (38), इमराना खातून (35), फातिमा (30) और मासूम अलमास (5) गंभीर रूप से झुलस गई थी। इनका उपचार मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में चल रहा था। मंगलवार की रात करीब 10:30 बजे परिवार के मुखिया जमील अहमद व बुधवार की सुबह जावेद अहमद व मासूम अलमास ने दम तोड़ दिया। बहू इमराना खातून की हालत गंभीर बताई जा रही है। पिता-पुत्र और पोते की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पड़ोसी भी गमगीन हैं। इस संबंध में सीओ सुनील दत्त दूबे ने बताया कि इलाज के दौरान तीन लोगों की मौत की जानकारी मिली है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से सहमे लोग
फरेंदा। रसोई गैस सिलिंडर में हुए धमाके में गंभीर रूप से झुलसे एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक है।
मंगलवार की रात में घर के मुखिया जमील अहमद की मौत की खबर परिवार वालों को मिली तो बुधवार सुबह बेटे जावेद ने भी दम तोड़ दिया। इसी बीच पांच वर्षीय अलमास की भी मौत हो गई। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। अगल-बगल के लोग भी घटना से सहमे हैं। धानी ढाला के पास रहने वाले जमील अहमद के दो पुत्र निसार व जावेद थे। दोनों मकान में ही व्यवसाय करते थे। निसार की कपड़ों की दुकान है। छोटे बेटे जावेद ने कुछ वर्ष पूर्व आधार केंद्र का काम शुरू किया। उसके बाद एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र का संचालन करने लगा था, लेकिन रविवार सुबह परिवार की खुशियों पर ग्रहण लगा गया।