सिसवा मे तालाब मे डूबने हुई मौत के बाद सोमवार को अंतिम संस्कार के लिये मना करने पर परिजन को समझ
सिसवा बाजार। कस्बे के मीराबाई नगर वार्ड पोखरा टोला में निर्माणाधीन छठ पोखरे में रविवार को डूबने से जान गंवाने वाले एक ही मुहल्ले के तीन किशोरों का सोमवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतक नितेश, रजत और किशन की जब अर्थियां उठीं तो माहौल गमगीन हो गया। अंतिम यात्रा में हजारों लोग शामिल हुए और अंत्येष्टि स्थल खेखड़ा घाट पर पहुंच कर मृतकों को अंतिम विदाई दी। इससे पूर्व मृतकों के परिजन ने कार्रवाई की मांग को लेकर शव को सड़क पर रखकर मार्ग अवरुद्ध कर दिया, पुलिस के आश्वासन प परिजन ने शव का अंतिम संस्कार किया।
घाट पर रजत को उसके पिता राम लखन, नितेश के पिता रमेश यादव व किशन के बाबा गोपाल रौनियार ने मुखाग्नि दी। इस दौरान प्रशासन पूरी तरह से सतर्क रही। मौके पर एसडीएम सिद्धार्थ गुप्ता, सीओ रविंद्र सिंह, कोठीभार थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा सहित पुलिस बल और पीएसी के जवान तैनात रहे ताकि अंतिम संस्कार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके। गौरतलब हो कि गौरतलब है कि रविवार को दोपहर बाद करीब डेढ़ बजे बारिश में नहा रहे तीनों किशोर अपने अन्य दोस्तों के साथ सिसवा के स्टेट चौक स्थित छठ घाट में नहाने गए थे। जहां नहाते हुए पानी में डूबने से नितेश, रजत और किशन रौनियार की मौत हो गई थी। रविवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद रविवार को ही देर रात तीनों के शव उनके घर लाए गए। शव पहुंचते ही परिजनों के चीख-पुकार से पूरा मोहल्ला गूंज उठा था।
कार्रवाई को लेकर लाश रखकर आधे घंटे तक किया सड़क जाम
कस्बे के मीराबाई नगर मे तीन बच्चों की मौत ने सबको झकझोर कर रख दिया है। पूरा नगर इस सदमे से नही उबर पा रहा है पर राजनीतिक रोटियां सेंकने वालों ने मामले को तूल देने के लिए असफल प्रयास किया। मृतक के परिजनों ने सोमवार की सुबह अचानक तीनों शवों को सड़क के बीच रख कर आधे घंटे तक मार्ग को रोकने का प्रयास किया। उनका कहना था कि पहले तालाब निर्माण से संबंधित लोगों पर कार्रवाई की जाए, जिसके बाद शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा। इसके बाद अधिकारियो के समझाने बुझाने के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार हो गए।
मृतकों के परिजन के खाते में भेजे गए चार-चार लाख रुपये
मीराबाई नगर वार्ड पोखरा टोला मे हृदय विदारक घटना के बाद मौके पर पहुंचे डीएम ने तीनों मृतकों के परिजनों को राहत देने के लिए चार-चार लाख रुपये देने की घोषणा की थी। जो रविवार की रात में ही रजत के पिता रामलखन, किशन के पिता वीरेंद्र रौनियार व नितेश यादव की मां संतोषी के बैंक खाते मे जमा कर दी गई।
तालाब निर्माण के ठेकेदार पर प्रथिमिकी दर्ज, पुलिस ने किया गिरफ्तार
कोठीभार थाना के प्रभारी निरीक्षक अखिलेश वर्मा ने बताया कि कस्बे के मीराबाई नगर वार्ड पोखरा टोला मे निर्माणाधीन छठ घाट के ठेकेदार दीपक कंस्ट्रक्शन के प्रोपराइटर दीपक सिंह के खिलाफ सिसवा नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी विंध्याचल के तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दिया है। साथ ही ठेकेदार को हिरासत मे ले लिया गया है।