बागापार। पकड़ी रेंज के वनग्राम उसरहवा नर्सरी में शनिवार की शाम वन विभाग की टीम ने दो घरों में छापेमारी की। इस दौरान दोनों घरों से कुल तीन बोटा सागौन व पांच सागौन का चिरान बरामद हुआ। वन विभाग की टीम के पहुंचते ही आरोपी मौके से फरार हो गए।
पकड़ी रेंज के वन क्षेत्राधिकारी सुशांत मणि त्रिपाठी ने बताया कि शनिवार को मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि पकड़ी रेंज के वनग्राम उसरहवा में जंगल की कीमती लकड़ियां छुपा कर रखी गई हैं। वन ग्राम उसरहवा निवासी राममिलन उर्फ भटई व शंकर के घर में जंगल से सागौन की लकड़ी लाकर हाथआरा से चिरान किया जा रहा था। वनकर्मियों के पहुंचने की सूचना मिलते ही दोनों आरोपित मौके से फरार हो गए। इस दौरान एक घर से दो बोटा सागौन, दूसरे घर से एक बोटा सागौन व पांच चिरान बरामद हुआ। रेंजर सुशांत मणि त्रिपाठी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर फरार दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए वन विभाग की टीम लगाई गई है। संवाद