नौतनवा। पुलिस ने बृहस्पतिवार की दोपहर बनैलिया मंदिर चौराहा से कार सवार तीन व्यक्तियों को अवैध भारतीय मुद्रा के साथ गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से पांच लाख 88 हजार रुपये बरामद हुए।
पुलिस ने आरोपी दीपक चौबे निवासी सेखुई, थाना फरेंदा जनपद महराजगंज, मनोज कुमार गुप्ता निवासी दिलेजाकपुर सावित्री हॉस्पिटल के पास थाना कोतवाली जनपद गोरखपुर एवं विजय प्रताप यादव निवासी करजहां, थाना चिलुआताल जनपद गोरखपुर को कस्टम अधिनियम के तहत चालान कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, नेपाल की ओर से एक कार में सवार तीन लोग गोरखपुर की ओर जा रहे थे। मुखबिर की सूचना पर चौकी प्रभारी छोटेलाल के साथ पुलिस टीम बनैलिया मंदिर चौराहा के पास वाहनों की जांच शुरू कर दी। इसी दौरान एक वाहन से पांच-पांच सौ के पांच लाख 88 हजार रुपये की भारतीय मुद्रा बरामद हुई।
पूछताछ में कार सवार तीनों व्यक्ति रुपये के संबंध में कोई जवाब नहीं दे पाए। इसके बाद पुलिस सभी व्यक्तियों को नकदी और कार के साथ हिरासत में लेकर थाने लाई। थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव ने बताया कि आरोपी दीपक चौबे निवासी सेखुई, थाना फरेंदा, मनोज कुमार गुप्ता निवासी दिलेजाकपुर थाना कोतवाली, गोरखपुर एवं विजय प्रताप यादव निवासी करजहां, थाना चिलुआताल को कस्टम के हवाले कर दिया गया।