सोनौली। भारत-नेपाल सीमा सोनौली बॉर्डर के रास्ते नेपाल जा रहे एक भारतीय कार से नेपाल बेलहिया पुलिस ने तस्करी के सामानों के साथ तीन भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान उनके पास से भारतीय एवं पाकिस्तानी मुद्रा भी बरामद हुई। नेपाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मंगलवार शाम सोनौली सीमा से सटे एरिया पुलिस ऑफिस बेलहिया, रूपनदेही से तैनात एक पुलिस टीम ने बेलहिया बस पार्क, सिद्धार्थनगर नगर पालिका, वार्ड नंबर एक में एक भारतीय कार की जांच की। इस दौरान अवैध रूप से भारत से तस्करी कर लाया गया डर्मी 5 क्रीम 245 पैकेट, 1000 ग्लास किट, 14 पैकेट पान पराग और 210 पैकेट रजनीगंध बरामद किया। मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है।डीएसपी सूरज कार्की ने बताया कि भारतीय नंबर के कार की जांच में तस्करी के सामान के साथ सोहेब आलम, 48, पवन अली, 56 और शाहिद मलिक, 38, निवासी दिल्ली को गिरफ्तार किया गया है। सामान और वाहन की कीमत कुल मिलाकर 15,00,000 रुपये हैं और उन्हें भंसार कार्यालय में सौंपने के दौरान भारतीय 64 हजार और पाकिस्तानी 10 हजार मुद्रा भी बरामद किया गया। मामला बड़ा होने के कारण जांच के लिए राजस्व जांच कार्यालय, बुटवल को सौंप दिया गया।