सामूहिक दुष्कर्म मामले में तीन पकड़े गए, मुख्य आरोपी की तलाश
महराजगंज। एक साल पहले हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले में एसपी के सख्त रुख से कोतवाली पुलिस को पसीना आ रहा है। बुधवार को मामले के तीन आरोपितों को पुलिस ने पकड़ लिया। मुख्य आरोपी की तलाश में पुलिस जुटी है। वहीं दूसरी ओर से इस प्रकरण को लेकर शुरूआत में पुलिस की कार्रवाई की निंदा लोगों ने की।
वर्ष 2019 में एक गेस्ट हाउस में युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म मामले का वीडियो बीते दिनों वायरल हुआ था। इस वीडियो को लेकर शुरूआत में कोतवाली पुलिस ने कुछ खास रुचि नहीं ली। मामले को पहले दबाने की कोशिश की गई। इस बीच पीड़िता की ओर से मामले की जानकारी एसपी को दी गई। उसके बाद कोतवाली पुलिस की कार्रवाई तेज हुई। सूत्र बताते हैं कि मामले को लेकर पीड़िता के पिता को पहले धमकी दी गई। वह डरे नहीं, बल्कि डटकर मुकाबला किया। इधर एसपी ने पूरे प्रकरण में त्वरित कार्रवाई की चेतावनी दी। बताया जाता है कि मामले को दबाने के लिए पहले ही मोलभाव हो चुका था। बात आगे बढ़ जाने पर पुलिस बैकफुट पर आ गई।
आखिरकार इस मामले में कार्रवाई करनी पड़ी। सदर कोतवाली के इंस्पेक्टर एके सिंह ने बताया कि तीन आरोपितों को पकड़ लिया गया है। इस मामले को लेकर तेजी से कार्रवाई की जा रही है। जल्दी ही मुख्य आरोपी को पकड़ लिया जाएगा। एसपी प्रदीप गुप्ता ने बताया कि महिला उत्पीड़न के मामले में त्वरित कार्रवाई का निर्देश है। लापरवाही किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। तीन आरोपित पकड़े जा चुके हैं। जल्दी ही सभी आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।