निचलौल। थाना क्षेत्र के भारत-नेपाल सरहद पर बुधवार को पुलिस ने यूरिया खाद के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान टीम ने एक बोरी प्याज भी बरामद की।
थाना प्रभारी सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि भारत-नेपाल सरहद पर तस्करी रोकने के लिए सुरक्षा एजेंसियों के साथ पुलिस टीम तस्करों पर लगातार कार्रवाई कर रही है। बहुआर पुलिस चौकी इंचार्ज मनीष पटेल को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग भारत-नेपाल सरहद से भारतीय यूरिया खाद और प्याज की खेप को बाइक तथा ई-रिक्शा की मदद से नेपाल भेजने के फिराक में है। उक्त सूचना को गंभीरता से लेते हुए टीम के साथ सरहद तक पहुंचने वाले मार्गों पर घेराबंदी कर ली गई। इस दौरान बाइक से नेपाल भेजी जा रही पांच बोरी भारतीय यूरिया खाद, तीन बाइकें, एक बोरी प्याज तथा ई-रिक्शा बरामद कर लिया गया। इतना ही नहीं मौके से तस्करी करने वाले तीन आरोपियों को भी पकड़ लिया गया। पूछताछ में तीनों ने अपना नाम राजकुमार यादव निवासी पिपरपाती थाना बेलाटारी जिला नवलपरासी नेपाल, गौरव दुबे निवासी धमउर कुटी टोला थाना निचलौल, ओसियर खां निवासी सुस्ता वार्ड नंबर पांच थाना सुस्ता जिला नवलपरासी बताया है।