एसपी ने बताया कि ठगी के शिकार सुनील पांडेय निवासी बांसपार थाना गीडा गोरखपुर और उनके साथी विकास सिंह निवासी मल्हीपुर थाना गीडा से आरोपी बबलू वर्मा ने पहले जान-पहचान बनाई। इसके बाद उसने अपने साथी संजय चौरसिया, अब्दुल रउफ व प्रमोद सिंह से मुलाकात कराई।
इस दौरान बबलू ने कहा कि उनके साथियों ने नदी में खुदाई के दौरान काफी मात्रा में सोना पाया है। इसको काफी कम कीमत में सुनील और विकास को दे देंगे। सुनील, आरोपी के झांसे में आ गए और 13 जनवरी को ढाई लाख रुपये लेकर सोने की खरीदारी करने के लिए नौतनवां क्षेत्र के चंडीथान पहुंचे।
एसपी ने बताया कि वहां बबलू, संजय चौरसिया, अब्दुल रउफ तथा प्रमोद सिंह आए। गिरोह में शामिल एक आरोपी ने पुलिस का फर्जी पहचान पत्र दिखाकर ढाई लाख रुपये और दो मोबाइल फोन ठग लिए। पुलिस, पीड़ित की तहरीर पर गिरोह में शामिल सात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर एसओजी टीम की मदद से तलाश में जुटी थी।
ये हैं फरार आरोपी, तलाश में जुटी पुलिस
ठगी के मामले में आरोपी अब्दुल रउफ उर्फ नेहाल निवासी बैरवा बनकटवा थाना नौतनवां, प्रमोद सिंह निवासी बकैनिया हरैया थाना कोल्हुई, हरिकेश्वर सिंह उर्फ मिंटू सिंह निवासी गौतमबुद्ध नगर थाना नौतनवां तथा श्रवण उपाध्याय उर्फ पप्पी निवासी गुलरिहा थाना कोल्हुई फरार हैं।