परतावल। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के मंगलपुर में एक युवक और उसके दोस्त पर जानलेवा हमला करने के आरोप में पुलिस ने बुधवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना मंगलवार की रात करीब 9:30 बजे मंगलपुर चौराहे की है। पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों को थाना क्षेत्र के चिलम चौक से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से तीनों को जेल भेज दिया गया। आरोपी युवकों के पास से चार मोबाइल फोन, एक सीज बैलेनो कार बरामद की गई है।
दो पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। देखते ही देखते लाठी-डंडे चलने लगे। हमले में गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों का इलाज गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में जारी है। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सुमेरगढ़ निवासी इंद्रावती ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर बताया कि उनका बेटा मंदीप मंगलवार को अपने दोस्त मो. वारिश अंसारी निवासी ग्राम डोहरिया बाजार थाना चिलुआताल जनपद गोरखपुर के साथ मंगलपुर चौराहे पर गया था।
आरोप है कि कबाड़ी की दुकान के पास पवन गुप्ता, धनंजय सिंह और आशीष सिंह ने मंदीप को जातिसूचक गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। मंदीप के विरोध करने पर तीनों आरोपियों ने उसकी और उसके दोस्त वारिस की पिटाई कर दी। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास और एससी/एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। संवाद