लक्ष्मीपुर। कोल्हुई थाना क्षेत्र के बनरसिहा कला और मुड़ली गांव में बीच सड़क पर एक युवक की पिटाई का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना 15 फरवरी की बताई जा रही है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
वायरल हो रहे वीडियो में दिखाई दे रहा है कि एक युवक को कुछ लोग घेरकर लाठी-डंडों व लात-घूंसों से मार रहे हैं। युवक खुद को बचाने की कोशिश कर है। वीडियो में यह भी देखा जा रहा है कि सड़क पर उस समय काफी संख्या में लोग मौजूद थे। कई राहगीर मारपीट देखते रहे लेकिन किसी ने बीच-बचाव करने की हिम्मत नहीं जुटाई। घटना के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। न ही यह पता चल पाया है कि युवक कौन है और मारपीट करने वाले लोग किस गांव के हैं।
इस संबंध में कोल्हुई थाना निरीक्षक अखिलेश प्रताप सिंह ने बताया कि उन्हें वायरल वीडियो के बारे में पूरी जानकारी नहीं है और न ही अभी तक किसी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत मिली है। यदि कोई शिकायत मिलती है तो मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।